जम्मू। जम्मू कश्मीर में लगातार बदले मौसम के बीच शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बाबा अमरनाथ गुफा के पास बादल फट गया। इससे अचानक आई बाढ़ मेें फंसने से 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। उनके शव बरामद हो चुके हैं। इनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। कुछ स्थानीय घोड़े वालों के भी लापता होने की सूचना आ रही है। फिलहाल बाबा बर्फानी के गुफा के पास सन्नाटा पसरा हुआ है। पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताया है।

 

जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर में शुक्रवार तड़के से ही मौसम एकदम बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार वर्षा हुई। हालांकि जम्मू से अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रवाना कर दिया गया था, लेकिन रामबन में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन हो गया। इसके चलते हाईवे बंद हो गया। अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को रामबन जिले के चंद्रकोट में रोक लिया गया। करीब पांच घंटे के बाद दोपहर में मलबा हटाने के बाद यहां से जत्थे को छोड़ा गया। दूसरी तरफ कश्मीर संभाग में भी कई जगहों पर अच्छी वर्षा हुई। शाम करीब साढ़े पांच बजे अमरनाथ गुफा के ऊपरी क्षेत्र में जोरदार धमाके के साथ बादल फटा।

फिलहाल अमरनाथ यात्रा पर रोक लगाई गई

फाटल फटने से वहां बहने वाली नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इस बाढ़ में गुफा के आसपास बने कुछ टेंट भी बह गए। इसमें कुछ लोगों के भी बह जाने की सूचना से अफरातफरी मच गई। अभी तक 10 लोगों के शव मिल चुके हैं। इनमें तीन महिलाओं और एक पुरुष का है। मृतकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। तत्काल यात्रा और दर्शन को रोक दिया गया है।