रायपुर। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर पहुंची हैं। एयरपोर्ट पर उनका छत्तीसगढ़ी अंदाज भव्य स्वागत किया गया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी अगवानी की। बीजेपी के कई बड़े नेता रायपुर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता भी पहुंचे। इसके साथ भाजपा की कई महिला नेत्री छत्‍तीसगढ़ की पारंपरिक वेषभूषा पहनकर उनके स्‍वागत के लिए एयरपोर्ट पर पहुंची थी। आदिवासी समाज की महिलाओं काफी उत्साह दिखा।

इसके बाद द्रौपदी मुर्मू रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे बेबीलोन इंटरनेशनल होटल के लिए रवाना हो गईं, जहां छत्तीसगढ़ के सांसदों तथा विधायकों से मुलाकात करेंगीं। इस मुलाकात के बाद द्रौपदी मुर्मू भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगी।

इससे पहले मुर्मू के स्वागत की तैयारी को लेकर भाजपा के सांसदों और विधायकों की प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक हुई। मुर्मू स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से वीआइपी रोड स्थित एक निजी होटल पहुंचेंगी और विधायकों-सांसदों से मुलाकात करेंगी। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक बैठक में मौजूद थे।

18 जुलाई को होगा राष्ट्रपति पद के लिए मतदान

नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने बताया कि मुर्मू का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होगा। सांसदों और विधायकों को मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। कौशिक ने बताया कि 20 जुलाई से विधानसभा का सत्र है। संसद का सत्र भी शुरू हो रहा है। संसद में छत्तीसगढ़ के किन मुद्दों को उठाया जाएगा, इस पर मंथन किया गया।