जगदलपुर। बंगाल की खाड़ी और छत्तीसगढ़ के आसपास बने मानसून के नए सिस्टम से छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। इस बीच, जगदलपुर संभाग में पिछले 24 घंटे में अच्छी बारिश हुई। इससे किरंदुल रेललाइन में पानी भरने से रेल आवागमन रोक दिया गया है। किरंदुल सेक्शन के काकलूर-कावडग़ांव और कावडगांव-डाकपाल स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के ऊपर पानी बह रहा है। आज सुबह सात बजे से मार्ग बाधित है। किरंदुल- विशाखापटनम पैसेंजर को दंतेवाड़ा में रोका गया है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हैं। राजधानी में कल तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया है। वहीं, बीजापुर में पिछले 24 घंटे से क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही वर्षा के कारण एक बार जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा है। वहीं, कलेक्टर ने लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए आज स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए बस्तर संभाग को आरेंज और रेड जोन में रखा है। वर्षा कारण यहां जगदलपुर में निचली बस्तियों के कुछ क्षेत्रों में जल जमाव की स्थिति देखी गई। जिले के दरभा, बास्तानार और लोहंडीगुड़ा विकासखंड में नालों का जलस्तर बढ़ने से अंदरूनी क्षेत्र की सड़कों का संपर्क मुख्यालय से कट गया है।

नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा

पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। जगदलपुर में पिछले दो दिन से हो रही वर्षा के कारण दक्षिण-मध्य बस्तर में एक बार फिर नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। अगले दो दिन और वर्षा जारी रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। रविवार को भी दिन भर रुक-रुककर वर्षा जारी रही। आज भी बारिश के आसार जताए गए हैं।