रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगस्त की बारिश ने किसानों की चिंता कम कर दी है। अब तक प्रदेश में औसत से 11 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है, जबकि अभी सितंबर का पूरा एक महीना बाकी है। अगस्त में सामान्य से 25 फीसदी ज्यादा पानी बरस गया। अगस्त में 364.2 मिमी की तुलना में 454.8 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस साल मानसून की बारिश के मामले में अगस्त की बरसात में प्रदेश के चार जिलों को न सिर्फ सूखे के संकट से उबारा, बल्कि दर्जनभर जिलों में पानी की कमी भी पूरी कर दी। जून से अब तक प्रदेश में 1034 मिमी बारिश हुई, जिसमें 455 मिमी पानी केवल अगस्त में बरस गया। बता दें कि प्रदेश में मानसून देरी से आया था और जून में कम बारिश ने प्रदेशभर में किसानों को चिंतित कर दिया था।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक मई-जून में प्री मानसून बारिश बहुत कम हुई इसलिए जून में ओवरआल कम बारिश रिकार्ड की गई। जून में प्रदेश में सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश हुई। जुलाई में खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना और बस्तर व बिलासपुर संभाग में अच्छी बारिश हुई। इससे बारिश के औसत में सुधार आया। जुलाई में 442 मिमी पानी बरस गया, जो सामान्य से 18 फीसदी ज्यादा थी।

इस जिले में सबसे ज्यादा पानी गिरा
प्रदेश में 31 अगस्त तक बीजापुर में सामान्य से 88 फीसदी ज्यादा पानी गिर चुका है। वहां 1105.2 मिमी की तुलना में 2078.2 मिमी बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार 11 जिलों में सामान्य से ज्यादा, 10 जिलों में सामान्य, 5 जिलों में सामान्य से कम पानी गिरा है। सरगुजा जिले में अब तक केवल आधी बारिश हुई है। वहां केवल 494 मिमी बारिश हुई है। जबकि 993.6 मिमी पानी गिरना था।

 

आंकड़ों में तीन महीने का बारिश
माह        वास्तविक       सामान्य        कम-ज्यादा
जून           137.3          193.5          29%कम
जुलाई       441.9          375.5         18% ज्यादा
अगस्त      454.8         364.2         25% ज्यादा