RAIPUR. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का आगमन हो चुका है। स्मृति ईरानी प्रदेश में होने वाली हुंकार रैली में दम भरेंगीं। हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ पहुंचीं है।

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में होने वाली हुंकार रैली में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी शामिल होंगीं। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां उनसे मीडिया ने बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखा। वे यहां से कुछ देर बाद बिलासपुर के लिए रवाना होंगीं।

छत्तीसगढ़ भाजपा की महिला मोर्चा इकाई द्वारा आज बिलासपुर में बड़ा इवेंट होने जा रहा है। महिला मोर्चा द्वारा हुंकार रैली के माध्यम से प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला जाएगा। इसमें प्रदेश भर से महिला मोर्चा सहित भाजपा के अन्य मोर्चा के पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता सम्मिलित होंगें। हुंकार रैली के लिए प्रदेश भर से भाजपा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर पहुंच रहे है।

महिला मोर्चा द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से शराब बंदी, महिला उत्पीड़न, स्व.सहायता समूह की महिलाओं के साथ वादाखिलाफी सहित अन्य मुद्दों को लेकर हुंकार भरेंगी। भाजपा का दावा है कि इस रैली में प्रदेश भर से एक लाख कार्यकर्ता जुटेंगीं।

जबकि हुंकार रैली को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी आमने-सामने थे। बयानों का दौर चलता रहा। भाजपा की होने वाली हुंकार रैली को कांग्रेस ने आड़े हाथों लिया था और कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्मृति ईरानी के आगमन पर तंज भी कसा था।