RAJNANDGAON. राजनांदगांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने आग लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, महिला नगर निगम की कार्रवाई का विरोध कर रही थी। इस पूरे मामले की वीडियो भी वायरल हो रही है। जानकारी के मुताबिक लखौली क्षेत्र में नगर निगम की ओर से अटल आवास बनाए गए हैं। इसमें कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। इन कब्जाधारकों से आवास खाली कराने के लिए निगम ने पहले नोटिस जारी किया। इसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी। एक दिन पहले भी कुछ कब्जाधारकों को हटाया गया था। आज निगम की टीम फिर से अवैध रूप से रह रहे लोगों से आवास खाली कराने के लिए पहुंच गई।

दरअसल, यहीं एक आवास में याशमीन बेगम भी रहती है। निगम आज कार्रवाई करने पहुंची तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही वह पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर बाहर आ गई। अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेला और चिल्लाते हुए कहा कि आवेदन के बाद भी उसे अब तक मकान नहीं दिया गया है। अब यहां वह अपने बच्चों के साथ रह रही है तो उसे भी खाली करा रहे हैं। ऐसे में वह अपने बच्चों को लेकर कहां जाएगी। इतना कहते हुए महिला ने माचिस से खुद को आग लगा ली।

इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जैसे ही महिला धू-धू कर जलने लगी तो कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और महिला पर पानी डालकर आग बुझाई। फिर महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी घटना की वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच की जा रही है। इसके आधार पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।