अंबिकापुर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ में सरगर्मी काफी बढ़ गई है। कांग्रेस पार्टी के लिए निकाय चुनाव में बढ़त बनाए रखना एक चुनौती है, जिसके लिए लगातार नेता मंथन कर रहे हैं। इस बीच खबर है कि बैकुंठपुर नगर पालिका और चरचा के लिए बनाए गए चुनाव प्रभारी स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को बदला जा सकता है। उनकी जगह सरगुजा-कोरिया के प्रभारी मंत्री डॉ शिव डहरिया को जिम्मेदारी दिए जाने की खबर है।

इसके अलावा जिला विभाजन के बाद कोरिया में चल रहे घमासान के खत्म होने की स्थिति बन रही है। बता दें कोरिया जिले का विभाजन कर मनेंद्रगढ़ को नया जिला बनाया गया है, जिसमें कुछ गांव के लोग कोरिया में ही रहना चाहते हैं। इसी को लेकर लंबे समय से यहां विरोध चल रहा है। चुनाव बहिष्कार कर दिए जाने के कारण पुलिस और प्रशासन पर यह आरोप लग रहा था कि लोगों को पकड़- पकड़ कर नामांकन कराया जा रहा है।

बहरहाल, कोरिया जिले के कांग्रेस अध्यक्ष नजीर अजहर को रायपुर बुलाया गया था, जहां वह प्रत्याशियों की एक सूची लेकर थे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री से चर्चा के बाद वे वापस लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद भूपेश बघेल ने आश्वस्त किया है कि कोरिया जिले के लोगों की भावनाएं वह समझ रहे हैं।कोरिया जिले के लोगों के साथ अन्याय नहीं होगा ,उनकी मंशा पूरी होगी। जो जहां रहना चाहता है वह वहीं रहेगा।

इस बीच बैकुंठपुर नगर पालिका चुनाव को लेकर बहिष्कार पर विराम लगने की बात सामने आ रही है। वहां अब कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर ली है। उधर, भाजपा ने भी साफ कर दिया है कि यदि कांग्रेस प्रत्याशी उतारती है, तो भाजपा भी प्रत्याशी उतारेगी। यह स्थिति तब है, जबकि नामांकन भरने के लिए दो दिन शेष रह गए हैं।

By admin