MP Saroj raised questions on indirect election system

भिलाई। नगर पालिक निगम चुनाव के अंतर्गत भाजपा और कांग्रेस में खींचतान का दौर जारी है शनिवार को राज्यसभा सांसद सरोज पांडे ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। गदा चौक सुपेला स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता लेकर सांसद सरोज पाण्डेय ने नगरी निकाय चुनाव में लागू किए गए अप्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीधे चुनाव लड़ने से डरती है इसीलिए निकायों में अध्यक्ष व महापौर चुनने का अधिकार पार्षदों को दे दिया।

सांसद सरोज ने कहा कि पूर्व में महापौर चुनने का अधिकार जनता को होता था। जनता पार्षद व महापौर के लिए अलग-अलग वोट करती थी, लेकिन जैसे ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी उन्होंने इस प्रथा को समाप्त कर दिया। नई प्रणाली लागू कर कांग्रेस सरकार सीधे चुनाव लड़ने से डर रही है, पार्षदों के माध्यम से महापौर व अध्यक्ष का चुनाव को इसलिए लागू किया ताकि सरकार को इसका लाभ मिल सके। कांग्रेस पार्टी को डर है कि सीधे महापौर का चुनाव लडेंगे तो हार जाएंगे इसलिए इस व्यवस्था का बदल दिया।

सांसद सरोज पांडे ने कहा कि बीते 3 वर्षों में प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हुआ और यह जनता देख रही है। भिलाई की जनता जाग चुकी है कांग्रेस के किसी भी झांसे में नहीं आने वाली, इस बार नगर निगम भिलाई सहित सभी चारों निकायों में भारतीय जनता पार्टी के अधिक से अधिक पार्षद जीतकर आएंगे। प्रेसवार्ता में मौजूद दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने भी भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कॉन्ग्रेस झूठे दावे कर रही है लोग अच्छी तरह से जान गए हैं कि विकास कौन कर रहा है। प्रदेश के साथ ही दुर्ग भिलाई में जितना भी विकास हुआ है वह पूरा पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ है। इस बार नगर निगम चुनाव में जनता भाजपा के अधिक से अधिक पार्षद चुनकर कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

By admin