भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव के तहत हुए 4 नगर निगमों में कांग्रेस का कब्जा हो गया है। गुरुवार को भिलाई निगम में महापौर व सभापति का निर्वाचन संपन्न हुआ। वार्ड 60 से कांग्रेस पार्षद नीरज पाल महापौर चुने गए वहीं  वार्ड 12 से पार्षद गिरवर बंटी साहू सभापति निर्वाचित हुए। इसके साथ ही चारों नगर निगमों में कांग्रेस के महापौर व सभापति चुन लिए गए हैं। महापौर के लिए कांग्रेस के नीरज पाल को 44, भाजपा के महेश वर्मा को 22 व निर्दलीय योगेश साहू को 4 वोट मिले। इसी प्रकार सभापति के लिए कांग्रेस के गिरवर बंटी साहू को 44, श्यामसुंदर राव को  22 व निर्दलीय अनीता अजय साहू को  4 वोट मिले।

इससे पहले गुरुवार को सुबह 10:00 बजे कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र बुरे ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। इसके बाद तय समय पर महापौर व सभापति का निर्वाचन शुरू हुआ। नामांकन दाखिले के बाद मतदान की प्रक्रिया हुई। इधर भाजपा ने भी महापौर के लिए महेश वर्मा सभापति के लिए श्याम सुंदर राव को मैदान में उतारा था दूसरी ओर निर्दलीय पार्षद योगेश साहू ने महापौर व अनीता साहू ने सभापति के लिए नामांकन दाखिल किया। जैसा की पहले से तय था कि भिलाई निगम में कांग्रेस के महापौर व सभापति बनेंगे और वैसा ही हुआ।

10 दिनों से थे टूर पर कांग्रेस के पार्षद
कांग्रेस के पार्षद मतगणना के बाद से ही टूर पर रहे। चुनाव जीतने वाले पार्षद पूरे 10 दिनों तक टूर पर रहे। वे पुरी में पिकनिक मनाकर आज सुबह सीधे शपथ ग्रहण समारोह के लिए ही लौटे। भिलाई निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी के सर्वाधिक पार्षद चुनकर आए। 37 पार्षदों के साथ कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिला। वहीं चार निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस को समर्थन दिया। वहीं भाजपा बहुमत के आंकडे से पूरे 12 पार्षद पीछे रही। इसके बाद भी भाजपा ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे। भाजपा पार्षदों को महापौर व सभापति निर्वाचन में उतरना महज औपचारिकता ही रही।

By admin