सीना डेस्क। देश में बेकाबू कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। पिछले तीन चार दिनों से कोरोना के दैनिक मामले 3 लाख से ज्यादा सामने आ रहे हैं। रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार  बीते 24 घंटों के दौरान देश में 3 लाख, 33 हजार 533 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इस बीच 525 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस दौरान महाराष्ट्र में सर्वाधिक मामले सामने आए। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 46,393 नए केस सामने आए। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमितों की संख्या 74.66 लाख हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में इस दौरान 416 ओमिक्रॉन के मामले भी सामने आए हैं। महाराष्ट्र के बाद सबसे अधिक चिंता केरल व तमिलनाडु से बढ़ी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक केरल में संक्रमण दर 44.8 फीसदी तक पहुंच गई है।  केरल में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 46,387 मामले सामने आए हैं। वहीं तमिलनाडु में के 30,744 नए मामले सामने आए। इस बीच देश के महानगरों में संक्रमण घटा है। दिल्ली में बीते 24 घंटे में 11,486 केस, मुंबई में 3,568 केस, कोलकाता में 1375 केस  व चेन्नई में 6,452 नए केस सामने आए हैं।

21 लाख से भी ज्यादा हैं सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब भी 21 लाख से अधिक लोगों का इलाज चल रहा है। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 21 लाख 87 हजार 205 है। बीते 24 घंटों के दौरान देश में 2 लाख, 59 हजार 168 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। देश में औसत पॉजिटिविटी दर बढ़कर अब 17.78 फीसदी तक पहुंच गई है। देश में अब तक 3 करोड़ 65 लाख 60 हजार 650 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं अब देश में  4 लाख 89 हजार 409 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक 161 करोड़ 92 लाख 84 हजार 270 डोज लगाए जा चुके हैं।