रायपुर। छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा बदली और उत्तर से ठंडी हवा आने लगी है। इस वजह से प्रदेश के उत्तरी हिस्से यानी सरगुजा और बिलासपुर के कुछ स्थानों पर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार जशपुर-कोरिया में पारा अभी 10 डिग्री के आसपास पहुंचा है, लेकिन अंबिकापुर में गिरकर 8 डिग्री पर आ गया है। अगले 24 गंटे में मौसम शुष्क रहेगा और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है, यानी रात की ठंड में और वृद्धि के आसार हैं।

लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार हवा में नमी और कम होने के बाद आज से चार-पांच दिन तक रात में ठंड लगातार बढ़ सकती है। एक-दो दिन बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्से में कुछ जगह शीतलहर भी चल सकती है।

अब बारिश-ओले की संभावना कम
बादल छंटते ही प्रदेश के पहाड़ी व मैदानी इलाकों में ठंड लौट आई है। अब बारिश होने या ओले गिरने के कोई आसार नहीं हैं, आसमान साफ रहेगा इसलिए ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि सुबह तक प्रदेश के कई हिस्से में घने कोहरे के आसार हैं। यह भी हवा में ज्यादा नमी के कारण होगा, जो अब कम होने लगेगी।

देश के तीन पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, शीतलहर भी
नए साल के पहले हफ्ते में पश्चिमी उत्तर भारत से पूर्वी व मध्य भारत तक सभी इलाकों में शीतलहर चलने की आशंका है। तापमान में गिरावट का दौर तीन जनवरी तक जारी रहेगा। चार जनवरी को तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, चार जनवरी को हिमालयी क्षेत्र में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने जा रहा है। इससे कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल व उत्तराखंड में 5-6 जनवरी को बर्फबारी हो सकती है।

By admin