रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना को लेकर बड़ा अपडेट है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान 500 से भी कम नए केस सामने आए। खास बात यह रही कि इस दौरान पॉजिटिविटी दर 1.37 फ़ीसदी रहा। वहीं इस दौरान 31 हजार 595 सैंपलों की जांच की गई। लगातार कम हो रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी राहत की सांस ले रहा है। इसे देखते हुए प्रदेश भर में पाबंदियों पर भी छूट दी जाने लगी।

स्वास्थ विभाग द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार प्रदेश में कोरोना  संक्रमितों की कुल संख्या 11 लाख 43 हजार 880 तक पहुंच गई है। वहीं अब तक प्रदेश में 11 लाख 29 हजार 61 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। बीते 24 घंटों के दौरान ही 1153 लोग स्वस्थ हुए। स्वस्थ होने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण सक्रिय मरीजों की संख्या तेजी से घट रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल 4803 सक्रिय मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान 4 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई। प्रदेश में अब तक 14 हजार 16 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रदेश के 20 जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान 20 से भी कम मामले सामने आए।

देश भर में कोरोना के नए केस 30 हजार से ज्यादा

देशभर में कोरोना के नए केस 30 हजार से ज्यादा सामने आए। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी गुरुवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 30,757 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 541 लोगों की मौत हो गई। देश में अब 3,32,918 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक स्वस्थ होने वाले कुल मरीजों की संख्या 4.19 करोड़ हो गई है। दैनिक संक्रमण दर घटकर 2.61 फीसदी पर आ गई है। देश में स्वस्थ होने की दर 98.03 फीसदी हो गई है।

पांच राज्यों के आंकड़े बढ़ा रहे परेशानी

देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमितों की संख्या केरल में है। यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 12,223 मामले मिले हैं। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र है जहां कि 2,748 केस हैं। तीसरे स्थान पर कर्नाटक है जहां कि कोरोना के 1,894 मरीज मिले हैं। वहीं चौथे पर राजस्थान जहां 1,702 मामले हैं जबकि पांचवें पर मिजोरम है जहां 1571 लोग वायरस की चपेट में आए हैं।