जयपुर। राजस्थान के चुरू जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां असम की एक युवती को नौकरी देने के बहाने बुलाया। उसे होटल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद हाथ बांधकर पहली मंजिल की खिड़की से बाहर फेंक दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस उपाधीक्षक ममता सारस्वत ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता का मेडिकल कराया गया। आरोपी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि चुरू रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में 25 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने जानकारी दी है कि यह घटना शुक्रवार को चुरू शहर में रेलवे स्टेशन के पास घटित हुई है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता शुक्रवार को नई दिल्ली से एक आरोपी द्वारा नौकरी देने का झांसा दिया गया था। उसके चुरू पहुंने के बाद नौकरी का ऑफर देने वाला युवक और उसके अन्य तीन साथी लड़की को एक होटल के कमरे में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत में बताया कि देवेंद्र सिंह और विक्रम सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके हाथों को रस्सी से बांधकर इमारत की खिड़की से बाहर फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि दो अन्य आरोपियों की पहचान भवानी सिंह और सुनील राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।