सीना डेस्क। 50 वर्षों तक बजाज ग्रुप की कमान संभालने वाले पूर्व चेयरमैन राहुल बजाज का 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पद्म भूषण से सम्मानित राहुल बजाज का निधन पुणे स्थित उनके आवास पर हुआ। वे पिछले कई वर्षों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। इनके साथ ही बजाज के एक युग का अंत हो गया।

10 जून 1938 को राहुल बजाज का जन्म हुआ था। इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र व मुंबई विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री लेने के बाद हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए भी किया था। बजाज ग्रुप की कमान संभालने वाले राहुल बजाज ने उस समय स्कूटर की दुनिया में तहलका मचा दिया था। वह ऐसा समय था कि हर घर में बजाज स्कूटर नजर आता था।

80 व 90 के दशक में बजाज स्कूटर शीर्ष  दोपहिया वाहन हुआ करता था। बजाज के चेतक स्कूटर की जबरदस्त मांग हुआ करती थी। चेतक को बाजार में लाने का श्रेय राहुल बजाज को ही जाता है जिन्होंने इस स्कूटर को बुलंदियों पर पहुंचाया। एक समय ऐसा था लोगों को बजाज चेतक के लिए कई माह तक इंतजार करना पड़ता था। राहुल बजाज को भारत सरकार ने उद्योग व्यापार क्षेत्र से पद्म भूषण से सम्मानित किया था।

यह है राहुल बजाज की प्रमुख उपलब्धियां

राहुल बजाज 5000 कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था सीआईआई के दो बार अध्यक्ष रहे। 2001 में उन्हें तीसरा सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ दिया गया। एफआईई फाउंडेशन ने 1996 में राष्ट्र भूषण सम्मान से पुरस्कृत किया। 1990 में उन्हें बॉम्बे मैनेजमेंट एसोसिएशन पुरस्कार प्रदान किया गया। साल 1985 में बिजनेसमैन ऑफ ईयर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

राहुल बजाज ने 29 अप्रैल 2021 को बजाज ऑटो के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। 1972 से वे इस ग्रुप के चेयरमैन पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनके बेटे राजीव बजाज ग्रुप की कमान संभाल रहे हैं। बजाज को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले राहुल बजाज के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री बघेल ने राहुल बजाज के निधन पर जताया गहरा दु:ख

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल बजाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम भूपेश बघेल ने आज यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा है कि राहुल बजाज और उनके समूह ने देश के औद्योगिकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री बजाज ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में देश की सेवा की। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि उनका निधन उद्योग जगत सहित पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।