कांकेर। जिले में चोरी की घटना लगातार बढ़ रही है। सप्ताहभर में पांच घटनाएं घट चुकी है। कल रात फिर शहर से लगे एनएच-30 के किनारे सिंगारभाट में दो सूने मकानों को चोरों ने निशाना बनाया है। चारपहिया वाहन के पहिए गायब कर दिए।

घटना में दो मकानों से 3 लाख 20 हजार की चोरी हुई है। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार पहली घटना सुखदेव मंडावी के घर हुई है। जो कि सुबह करीब 11 बजे अपने परिवार के साथ अंजनी गए हुए थे। अगली सुबह 8 बजे जब वह वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली हुई थी जहां रखे 25 हजार रुपए नगद और सोने-चांदी के जेवर समेत 1 लाख 80 हजार रुपए चोरी हो गए थे।

दूसरी घटना श्याम सुंदर गुप्ता के घर हुई जो कि 5 दिनों से रायपुर में थे। जब वापस लौटे तो उनके भी घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर देखा तो 55 हजार रुपए नगद और करीब 95 हजार रुपए के जेवर गायब थे। पुलिस दोनों घटना का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

दो मकानों में चोरी की घटना से दो दिन पहले भी चोरी हुई। इसमें चोरों ने चारपहिया वाहन से पार्ट्स गायब कर दिए। शहर के जवाहर वार्ड में शुक्रवार रात अज्ञात चोर ने दो कार के चक्के और अन्य सामान चोरी कर ली। सुबह जब कार मालिक को इसकी जानकारी हुई तो उसने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।

जवाहर वार्ड निवासी रोमश्वर गोस्वामी और लक्ष्मण नेताम ने शुक्रवार रात आंग्ल वैदिक स्कूल के सामने अपनी कार खड़ी की थी। सुबह उन्होंने देखा तो उनकी कार के सामने का एक-एक पहिया गायब था। नट-बोल्ट खोलकर चोर ले गए थे। साथ ही कार में लगे अन्य सामान भी चोरी कर लिए थे, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस थाने में दर्ज कराई।

लक्ष्मण नेताम ने बताया वह रात को साढ़े दस बजे कार खड़ी कर अपने घर चला गया था। सुबह देखा तो उसकी अर्टिका वाहन के सामने का एक चक्का नहीं था। साथ ही उसके पास खड़ी कार टाटा जेस्ट एक चक्का, फाग लेंप, सेंटर लाक, जेक, साइड मिरर को अज्ञात ने चोरी कर ली थी, जिसकी शिकायत पुलिस थाने में की गई है।

थाना प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि आंग्लवैदिक स्कूल के सामने खड़ी दो कार से एक-एक चक्का अज्ञात चोर द्वारा चोरी करने की शिकायत मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।