CINA NEWS DESK। यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार तेज और व्यापक होता जा रहा है। 27 फरवरी को इस युद्ध की शुरुआत का चौथा दिन है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने एक कार्यक्रम में कहा कि यह युद्ध अभी आगे चलेगा। यह संकट रहेगा और इसके साथ आने वाले सभी संकटों के स्थायी परिणाम होंगे।

फिलहाल यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी घुटने टेकने से इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मैं हर उस नागरिक को हथियार देने के लिए तैयार हूं, जो देश के लिए रूस की सेना से मुकाबला करने के लिए तैयार है। इससे पहले जेलेंस्की ने वीडियो शेयर करते हुए कहा था कि संकट की इस घड़ी में उन देशों ने हाथ पीछे खींच लिए हैं, जो कभी साथ खड़े होने का भरोसा दे रहे थे। इसके साथ ही वह भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से मदद के लिए फोन पर बात कर चुके हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रान के साथ फोन पर बात की जिसके बाद उन्होंने यूक्रेन का साथ देने का भरोसा दिया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्वीट कर कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन के साथ बात हुई है। हमारे सहयोगियों से हथियार और उपकरण यूक्रेन के रास्ते में हैं। युद्ध विरोधी गठबंधन अब काम कर रहा है। यूक्रेन में हो रही बमबारी के बीच करीब एक लाख 20 हजार लोगों के पलायन करने की खबर सामने आ रही है।

रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर पर कब्जा करने का दावा किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इस बात का दावा किया है कि उसने अब शहर पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है। कीव पर भी अपना कब्जा करने के लिए रूस लगातार हमले कर रहा है। उधर, रूसी सेना द्वारा मेलिटोपोल पर कब्जा करने के दावे को ब्रिटिश सशस्त्र बलों के मंत्री जेम्स हेप्पी ने नकार दिया है। हेप्पी ने कहा कि अभी कोई कब्जा नहीं किया गया है।