Cina News Desk। ऐसी रिपोर्ट हैं कि बाइडन प्रशासन धरती के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के खिलाफ काउंटरिंग अमेरिकाज एडवरसरीज थ्रू सैंक्शंस एक्ट (काटसा) के तहत प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। इस पर अमेरिका की रिपब्लिकन पार्टी के नेता सीनेटर टेड क्रूज ने राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन से कहा कि भारत के खिलाफ यह प्रतिबंध लगाना बड़ी मूर्खता साबित होगी।

भारत कई क्षेत्रों में अहम साझेदार है। हाल के कुछ वर्षों में भारत-अमेरिका गठबंधन और गहरा तथा मजबूत हुआ है, लेकिन बाइडन प्रशासन में यह आगे बढ़ने के बजाय पीछे की ओर जा रहा है। दरअसल, रूस से एस-400 मिसाइल प्रणाली खरीदने के लिए भारत पर काटसा प्रतिबंध लगाने पर जो बाइडेन शासन विचार कर रहा है। काटसा एक अमेरिकी कानून है, जो प्रशासन को रूस से हथियारों की खरीद करने वाले देश के खिलाफ प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता है।

रूस के साथ दिखाई करीबी
यूक्रेन में रूसी हमले को लेकर निंदा प्रस्ताव पर मतदान के दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत अनुपस्थित रहा था। इस बात को लेकर भी भारत पर दबाव बनाने की कोशिश अमेरिका ने की। इस मामले में भारत का पक्ष लेते हुए क्रूज ने कहा कि ऐसा करने वाला वह एकमात्र देश नहीं है। उन्होंने समिति के समक्ष एक अन्य सुनवाई के दौरान कहा कि पिछले एक साल में बाइडन प्रशासन के अंतर्गत भारत के साथ संबंध काफी खराब हुए हैं, जो संयुक्त राष्ट्र में निंदा प्रस्ताव के दौरान भारत के उपस्थित नहीं रहने से जाहिर है। इससे पहले भारत के अमेरिका के साथ संबंधों में काफी मजबूती आई थी।