नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 13 दिनों से जारी युद्ध का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से कच्चे तेल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भारत में भी देखने को मिल सकता है। कहा जा रहा है कि पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की अटकलों के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बड़ा बयान दिया है।

हरदीप सिंह ने कहा कि यह कहना गलत है कि हमने चुनाव के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई थी। तेल की कीमतों को लेकर कंपनियों को तय करना है क्योंकि उन्हें भी बाजार में बने रहना है। तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार तय होती है। पुरी ने आगे कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण हम भारत में तेल की कमी नहीं होने देंगे। आगे हम जो भी निर्णय लेंगे वह हम अपने नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए लेंगे।

बताते चलें कि पांच मार्च को राहुल गांधी ने ट्वीट कर लोगों को अपनी गाड़ी की टंकी फटाफट फुल करा लेने की सलाह दी थी। राहुल गांधी ने पांच राज्‍यों में चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के मूल्‍य बढ़ने की ओर इशारा करते हुए ट्वीट किया था कि मोदी सरकार का ‘चुनावी’ ऑफर खत्‍म होने वाला है। कांग्रेस नेता ने यह ट्वीट पांच राज्‍यों में चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने की आशंका जताने वाली खबरों के बीच किया है।