Cina News Desk। कहते हैं कि वक्त हर किसी का आता है। सफल वही होता है, जो सही समय में सही फैसले लेता है। यह साबित कर दिया है भगवंत मान ने। कभी नवजोत सिंह सिद्धू कुर्सी पर होते थे और भगवंत ‘तमाशा’ दिखाते थे। मगर, पंजाब में हुए चुनाव के नतीजों के बाद आज भगवंत मान सीएम की कुर्सी पर बैठने जा रहे हैं और नवजोत सिंह सिद्धू खुद ‘तमाशा’ बन गए हैं।

विदेशों में तो ऐसा पहले कई बार हो चुका है, जब कोई कॉमेडियन सत्ता नशीं बना हो। उदाहरण के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदेमिर जेलेंस्की को ही ले लें। मगर, भारत के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब एक कॉमेडियन किसी राज्य का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। सालों पहले एक कॉमेडी परफॉर्मेंस के दौरान भगवंत मान ने अपने करियर को लेकर भविष्यवाणी की थी, जो आज सही साबित हो गई है।

यह भी संयोग ही है कि बतौर कॉमेडियन संघर्ष के दिनों में जज की कुर्सी पर उनकी परफॉर्मेंस का आकलन करने के लिए सामने होते थे नवजोत सिंह सिद्धू। मगर, इस बार पंजाब के चुनाव में कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद के लिए नवजोत सिंह सिद्धू थे और आम आदमी पार्टी से भगवंत मान। यही वक्त है, जो अब बदल गया है। तब सिद्धू कुर्सी पर बैठते थे और भगवंत मान तमाशा दिखाते थे।

अब भगवंत मान सीएम की कुर्सी पर बैठेंगे और कांग्रेस की फजीहत होने के बाद सिद्धू खुद तमाशा बन गए हैं। भगवंत मान के लिए सीएम बनने का सफर आसान नहीं था। उन पर शराबी होने का आरोप लगा, संसद भवन की सुरक्षा की अनदेखी के आरोप में लोकसभा में निलंबन झेलना पड़ा।

38 हजार वोटों से जीते
पंजाब की धूरी विधान सभा से भगवंत मान 38000 से ज्यादा वोटों से जीते हैं। राजनीति की शुरुआत उन्होंने मनप्रीत सिंह बादल की पार्टी पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी। वो साल 2012 में लहरा विधान सभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। इसके बाद मनप्रीत कांग्रेस में शामिल हो गए और भगवंत मान आम आदमी पार्टी में आ गए। 2014 में भगवंत मान आम आदमी पार्टी से जुड़े और संगरूर लोक सभा सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे और 2 लाख से ज्यादा वोटों से जीते।

पत्नी से हुआ तलाक
पंजाब के संगरूर जिले के सतोज गांव में पैदा हुए भगवंत मान ने संगरूर स्थित एसयूएस कॉलेज से बीकॉम किया। कॉमर्स के क्षेत्र में ग्रेजुएशन किया। वह कॉमेडी से लेकर राजनीति तक हर जगह अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। उनकी शादी इंद्रप्रीत कौर से हुई थी, लेकिन 2015 में दोनों अलग हो गए। दोनों के दो बच्चे हैं।