रायपुर। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 9 दिनों में आठवीं बार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ीं हैं। बुधवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल पर 80 से 85 पैसे की बढ़ोत्तरी कर दी है। करों को मिलाकर यह बढ़ोत्तरी 90 से 95 पैसे तक हो गई है। इसके साथ ही राजधानी रायपुर में पेट्रोल 106.91 रुपए व डीजल 98.23 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है।

दुर्ग भिलाई में बुधवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 92 पैसे की बढ़ोत्तरी हुइ है। इसके साथ ही यहां पेट्रोल 107.17 रुपए व डीजल 98.48 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक दर बीजापुर में है। यहां पेट्रोल 111.30 रुपए व डीजल102.56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 80 से 85 पैसे की बढ़ोत्तरी की जा रही है जिसका सीधा असर आम आदमी जेब पर पड़ रहा है।

देश की राजधानी का यह है हाल
लगातार बढ़ती कीमतों की वजह से राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम 100 रुपये के पार हो गए हैं। बुधवार को राजधानी दिल्ली में पेट्रोल के दाम 80 पैसे की बढ़त के बाद 101.01 रुपए प्रति लीटर पर आ गए हैं और डीजल के दाम में 80 पैसे की बढ़त के बाद 92.27 रुपए प्रति लीटर पर आ गए हैं। वहीं मुंबई में पेट्रोल के दाम 85 पैसे बढ़कर 115.88 रुपए प्रति लीटर पर आ गए हैं. वहीं 75 पैसे बढ़कर डीजल के दाम 100.10 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

चेन्नई व कोलकाता के दाम
ताजा बढ़ोत्तरी के बाद चेन्नई में पेट्रोल के दाम 75 पैसे बढ़ाए गए हैं यहां 106.69 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल तथा डीजल के दाम 76 पैसे बढ़कर 96.76 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल के दाम 84 पैसे और डीजल के दाम 80 पैसे बढ़ाए गए हैं। बुधवार को कोलकाता में पेट्रोल 110.52 रुपए प्रति लीटर तथा डीजल 95.42 रुपए प्रति लीटर पर हो गया है।

एक दिन की कमी के बाद फिर बढ़े कच्चे तेल के दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में उछाल देखा जा रहा है। एक दिन पहले कुछ कमी आई थी लेकिन इसके बाद दरें फिर से बढ़ गई हैं। बुधवार को कच्चे तेल के दाम देखें तो नायमैक्स क्रूड 105.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं ब्रेंट क्रूड 111.36 डॉलर प्रति बैरल पर आ चुके हैं। भारत पर भी कच्चे तेल के दामों की तेजी का असर देखा जा रहा है और यहां लगातार ईंधन के दामों में बढ़ोतरी होती जा रही है।