cinanews.in

 

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा की नई विधायक यशोदा वर्मा ने गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में रहीं। यशोदा वर्मा को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने शपथ दिलाई।

बता दें कि खैरागढ़ उपचुनाव में जीत हासिल करने वाली कांग्रेस प्रत्याशी नई विधायक यशोदा वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल को रिकार्ड 20 हजार मतों के अंतर से हराई हैं। उसके बाद आज शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री अमरजीत भगत, मंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री टीएस सिंहदेव समेत खैरागढ़ से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

खैरागढ़ उपचुनाव में मिली जीत के बाद अब सदन में कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। इससे पहले दंतेवाड़ा, चित्रकोट और मरवाही में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जबरदस्त प्रदर्शन कर तीनों सीटों में जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने शानदार रिकॉर्ड बनाते हुए चौथे उपचुनाव को भी जीत ली।

बता दें कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने पूरी तरह विकसित करने का वादा किया है। नए विधायक के नेतृत्व में इसी के तहत इसे जिला घोषित कर दिया गया है। नई तहसील की भी शुरूआत कर दी गई है। कल तीन दिवसीय खैरागढ़ महोत्सव के दौरान खैरागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 6 करोड़ 51 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री बघेल ने राजनांदगांव जिले में 14 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से स्थापित 9 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का लोकार्पण भी किया गया।

मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान खैरागढ़ इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय पर कहा यह देश-दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई हैै। खैरागढ़ जिला निर्माण बनाए जाने से प्रदेश की गौरवशाली ऐतिहासिक संस्कृति, लोक संस्कृति एवं कला व संगीत को बढ़ाने की जरूरत है। नए विधायक के अनुसार नवगठित खैरागढ़़-छुईखदान-गण्डई जिले को समृद्ध जिला और छत्तीसगढ़ राज्य की कलाधानी के रूप में विकसित करना है।