भिलाई। गर्मी के कारण प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में हैं। इन जिला में पारा 45 डिग्री से ज्यादा है। दिन की गर्मी के कारण रात पारा भी सामान्य से ज्यादा हो गया है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ का मुंगेली जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। इस साल पहली बार मुंगेली में पारा 45.7 डिग्री तक पहुंच गया है। इस अलावा रायगढ़, सांरगढ़, बलौदा बाजार जिलों में भी तापमान 45 डिग्री पार से ज्यादा रहा।

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का यह आलम है कि आधे से ज्यादा जिलों में लू चल रही है। अप्रेल महीनें में इस बार गर्मी का नया रिकार्ड बन रहा है। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप ज्यादा है जिसके कारण लोग हलाकान हो रहे हैं। इस बार पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम भी बेहद गर्म हो रहा है। मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार को भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। वहीं बस्तर संभाग में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना हैञ

रायपुर में इस सीजन में पहली बार पारा 44 के पार
राजधानी रायपुर की बात करें तो इस सीजन में पहली बार पारा 44 के पार गया है। गुरुवार को यहां पर अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 27 डिग्री से ज्यादा रहा। यानी न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर व सरगुजा संभाग में लू चलने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे तक मौसम का यही हाल रहने की संभावना है।

प्रदेश का तापमान एक नजर में
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा। इसके अलावा दुर्ग में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.8 व न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 42.1 तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा। वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया।