रायपुर। सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में से एक गोठानों की व्यवस्था देखने अधकारी गांवों को दौरा करेंगे। 7 अप्रैल से अधिकारियों का यह दौरा शुरू हो जाएगा। इससे पहले प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन गोठान पहुंच कार्यक्रम के तहत आज बलौदाबाजार के ग्राम पंचायत पुरैना खपरी के पहुंचे। मुख्य सचिव ने गोठान में संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया।

इस मौके पर उन्होंने गोठान में लगी चौपाल में जमीन पर बैठकर महिला स्व सहायता समूहों के सदस्यों के साथ चर्चा की। गोठान में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।  इस अवसर पर बलौदाबाजार जिले के कलेक्टर डोमन सिंह भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव ने गौठान में गोबर खरीदी की जानकारी ली और स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार वर्मी कम्पोस्ट की गुणवत्ता भी परखी।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले दिनों सभी अधिकारियों को गोठानों का भ्रमण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लेने और गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए थे। इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिया गया है। इसी कड़ी में आज मुख्य सचिव अमिताभ जैन पुरैना खपरी के गौठान में पहुंचे।

मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने गौठान में ग्रामीणों और महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों से चर्चा के बाद कहा कि गौठानों की व्यवस्था और अधिक मजबूत हो और लोगों को इससे फायदा हो। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा 07 अप्रैल से अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत अधिकारी गोठानों का भ्रमण कर वहां गतिविधियों का जायजा लेंगे और गौठानों की व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।

मुख्य सचिव ने कहा कि वे इस अभियान के शुरू होने के एक दिन पहले ही गौठान में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पुरैना-खपरी गौठान में काम कर रहीं महिलाएं अपने काम से संतुष्ट हैं। उन्हें यहां से आमदनी भी हो रही है और सबसे बड़ी बात यह है कि ये महिलाएं होने वाली आमदनी का इस्तेमाल अपने रोजमर्रा के खर्च में न करके, अपने काम की उत्पादकता को बढ़ाने के लिए कर रही हैं।