भिलाई। शहर में एक और सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू होने जा रहा है। इसी सत्र से यह नया स्कूल शुरू हो जाएगा। इसके लिए सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छावनी को स्वामी आत्मानंद स्कूल बनाया जाएगा। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने स्कूल पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल, शिक्षा अधिकारी राजेंद्र राव, प्राचार्य बी फ्रांसेस, स्थानीय पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैठक की।

बैठक में विधायक देवेंद्र यादव ने स्कूल प्रबंधन व शिक्षा अधिकारी को बताया कि छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश भर में 50 और अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने वाले हैं। करीब 1 घंटे तक चली चर्चा में विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने से क्षेत्र के सामान्य वर्ग के पालकों को काफी लाभ होगा। जो लोग अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ा नहीं पाते हैं। वे पालक अपने बच्चों को इस अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ा सकेंगे। शासन यहां प्राइवेट स्कूल की तरह हाई क्लास सुविधा मुहैय्या कराएगी।

साथ-साथ चलेंगे अंग्रेजी और हिंदी माध्यम स्कूल
शाउमा विद्यालय छावनी वर्तमान में हिंदी माध्यम सरकारी स्कूल है। यहां स्वामी आत्मानंद स्कूल की शुरूआत की जाएगी। लेकिन हिंदी माध्यम स्कूल को बंद नहीं किया जाएगा। बल्की इसी स्कूल के भवन में अलग-अलग पाली में अंग्रेजी और हिंदी दोनों माध्यम के स्कूल चलेंगे। इसके लिए बेहतर व्यवस्था बनाने का निर्देश विधायक देवेंद्र यादव ने शिक्षा अधिकारी को दिया हैं।

अंग्रेजी माध्यम स्कूल की शुरूआत होने के साथ ही यहां अंग्रेजी माध्यम के शिक्षकों व अन्य स्टाफ की अलग से भर्ती की जाएगी। शुरूआती दौर में स्कूल के कक्षा पहली और कक्षा छठवी में अंग्रेजी माध्यम में भर्ती लिया जाएगा। जो पालक अंग्रेजी माध्यम में बच्चों को पढ़ाना चाहेंगे वे कक्षा पहली और छठवी में प्रवेश दिलाएंगे। इस प्रकार आने वाले 5 साल बाद स्कूल पूरी तरह से अंग्रेजी माध्यम हो जाएगा।

विधायक देवेन्द्र ने की थी पहल
भिलाई नगर के  विधायक देवेंद्र यादव जब वे महापौर थे, तब उन्होंने अपने बजट में यह घोषणा की थी कि वे शहर के सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम स्कूल बनाएंगे।  विधायक देवेंद्र यादव की दूरदर्शिता और अथक प्रयास के चलते प्रदेश सरकार ने भी उनकी इस महत्वपूर्ण योजना को समझा और ना सिर्फ भिलाई व दुर्ग जिले में बल्की पूरे प्रदेश में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम सरकारी स्कूल की शुरूआत की।

सपना हाे रहा साकार
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के  प्रयासों से प्राइवेट स्कूलों की तरह ही अंग्रेजी माध्यम सरकारी स्कूल खोला जा रहा है। जो की बड़ी ही सराहनीय पहल है। आजतक प्रदेश व देश के इतिहास में शिक्षा के लिए ऐसी सराहनीय पहल किसी ने नहीं की थी, लेकिन इस कार्य को  मुख्यमंत्री बघेल ने संभव कर दिखाया है और अब गरीब परिवार का बच्चा भी अंग्रेजी माध्यम में पढ़ पा रहे हैं।