सीना, डेस्क। आप के नेता रहे कवि व साहित्यकार कुमार विश्वास (Kumar Vishwas) को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाने का  फैसला लिया है। इसके साथ ही कुमार विश्वास की गिरफ्तारी को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम लग गया।

बता दें कुमार विश्वास के खिलाफ पंजाब के रोपड़ में केस दर्ज हुआ था। कुमार विश्वास पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली के सीएम व आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल के खालिस्तान से संबंध होने की बात कही थी। इस मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। कुमार विश्वास ने पुलिस के इस गलत एक्शन के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी।

उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि उनके खिलाफ दर्ज केस राजनीति से प्रेरित है। उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। बता दें कुछ दिन पूर्व कुमार विश्वास के घर पर सुबह सुबह पुलिस पहुंची थी और जांच की गई थी। उस दिन से उनके खिलाफ कार्रवाई की बातें कही जा रही थी। जब उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ तो माना जा रहा था कि किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। लेकिन इसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और हाईकोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।