रायपुर। कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए 10 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस की लिस्ट में चौंकाने वाले नाम शामिल हैं। खासकर छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों पर कांग्रेस ने बाहरी प्रत्याशियों को उतार दिया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के किसी भी नेता को राज्यसभा का टिकट नहीं दिया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ से रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला को उम्मीदवार बनाया है।

इनके अलावा कांग्रेस ने हरियाणा से अजय माकन, कर्नाटक से जयराम रमेश, मध्य प्रदेश से विवेक तन्खा, महाराष्ट्र से इमरान प्रतापगढ़ी और तमिलनाडु से पी चिदंबरम को प्रत्याशी बनाया है। रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुकुल वासनीक और प्रमोद तिवारी को कांग्रेस ने राजस्थान से अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने इन नामों पर मुहर लगाते हुए लिस्ट जारी कर दी है।

बता दें राज्यसभा में कांग्रेस की आठ सीटें खाली हो रही है। इनमें से पूर्व केन्द्रीय मंत्री पी चिदंबरम, जयराम रमेश, कपिल सिब्बल, छाया वर्मा, विवेक तन्खा, अंबिका सोनी आदि के नाम है। इनमें से कांग्रेस ने पी. चिदंबरम, जयराम रमेश, विवेक तन्खा, प्रमोद तिवारी, राजीव शुक्ला को उम्मीदवार बना दिया है। चुनाव आयोग के अनुसार 15 राज्यों की खाली 57 राज्यसभा सीटों पर 10 जून को मतदान होगा। 31 मई तक नामांकन भरा जाना है।

छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए भिलाई की कांग्रेस नेत्री तुलसी साहू का नाम चर्चा में आया था। सूत्रों के अनुसार इनका नाम सामने आने के बाद कुछ वरिष्ठ नेताओं ने आईसीसी के अध्यक्ष सोनिया गांधी को फोन कर नाराजगी जताई। इसके बाद अंतिम समय में उनके दावेदारी को काट दिया गया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी कहा था कि राज्यसभा की 2 सीटों के लिए तुलसी साहू, के राजू, रंजीत सुरजेवाला तथा प्रियंका गांधी का नाम लिस्ट में है।