बिलासपुर। यहां जमीन विवाद एक शख्स ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही भाई पर फरसे से वार कर दिया। साथ में पहुंचे कांस्टेबल पर भी हमला कर दिया। कांस्टेबल युवक का दोस्त था और उसे लेकर वह अपने भाई से बात करने पहुंचा था लेकिन यहां कुछ और ही हो गया। मामला थाना पहुंचा तो दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि फरसे से हमला करने वाला संजू त्रिपाठी कांग्रेस नेता है।

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार कुदुदंड निवासी हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी ने पुलिस कांस्टेबल विजय शर्मा का कॉल कर अपने भाई कपिल त्रिपाठी के साथ विवाद सुलझाने के लिए साथ चलने कहा। कांस्टेबल विजय का संजू त्रिपाठी से पारिवारिक संबंध होने से वह उसके साथ चला गया। इसके बाद संजू त्रिपाठी के कहने पर कांस्टेबल विजय ने कपिल को कॉल कर जमीन विवाद सुलझाने की बात कही तो वह भी तैयार हो गया।

कपिल त्रिपाठी इसके लिए तैयार हो गया और वह मंगलवार दोपहर को कांस्टेबल विजय के घर पहुंच गया। यहां से दोनों दोपहर दो बजे के बाद संजू त्रिपाठी के कुदुदंड स्थित घर पहुंचे। संजू अपने पिता के साथ कमरे में बैठा था। इसके बाद कपिल व संजू के बीच जमीन बंटवारे को लेकर बातचीत होने लगी। इसके बाद अचानक आवाज तेज हो गई और संजू त्रिपाठी अपने भाई कपिल को गाली देने लगा।

पुलिस के अनुसार इसके बाद संजु ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया। वे सभी डंडा व रॉड लेकर पहुंचे और कपिल से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान संजू ने अपने हाथ में रखे फरसा से कपिल के सिर में मार दिया, जिससे कपिल खून से लथपथ होकर घायल हो गया। इस बीच उसके पिता जय नारायण त्रिपाठी और कांस्टेबल विजय ने बीच बचाव किया तो संजू ने उनसे भी मारपीट शुरू कर दी। कांस्टेबल को भाग कर अपनी जान बचानी पड़ी।

कपिल को अत्याधिक चोट लगने के कारण उसे सिम्स में भर्ती कराया गया। इस पूरे घटना क्रम में साथ रहे कांस्टेबल विजय ने संजु त्रिपाठी व उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं दूसरी ओर संजू त्रिपाठी ने भी अपनी ओर से शिकायत दर्ज कराई। कांस्टेबल विजय की शिकाय पर पुलिस ने संजु त्रिपाठी, रितेश तिवारी, मंगल केसरवानी व अन्य के खिलाफ 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध दर्ज किया। वहीं संजू त्रिपाठी की शिकायत पर पुलिस ने कपिल त्रिपाठी व कांस्टेबल विजय शर्मा के खिलाफ 294, 323, 34, 506 अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।