सीआईएनए, डेस्क। पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई।  मूसेवाला पर मनसा के जवाहर गांव के पास फायरिंग हुई।  घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना में मूसेवाला के साथ रहे दो अन्य घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कनाडा बेस्ड गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने सिद्धू मूसेवाला की मौत की जिम्मेदारी ली है।

बताया जा रहा है कि मूसेवाला को लगातार गैंगस्टरों से धमकियां मिल रही थी। इसके लिए उन्हें सरकारी सुरक्षा भी दी गई थी। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए एक दिन पहले ही मूसेवाला समेत 424 VIP की सुरक्षा वापस ले ली। सुरक्षा वापस लेने के बाद रविवार को मूसेवाला की हत्या हो गई। मुसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था. विजय सिंगला ने मूसेवाला को मनसा सीट से 63,323 वोट से हराया था।

मूसेवाला की हत्या को लेकर कई चौंकाने वाली जानकारियां मिल रही हैं। हमलावरों ने टारगेट करके वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि मूसेवाला पंजाब के टॉप मोस्ट गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के टारगेट पर थे। मूसेवाला के बारे में बिश्नोई गैंग पूरी जानकारी जुटा रही थी। बता दें हमलावरों ने मुसेवाला की थार जीप पर 12 राउंड फायरिंग की थी।

पंजाब सरकार निशाने पर
सुरक्षा वापस लेने के बाद मुसेवाला की हत्या के बाद पंजाब सरकार निशाने पर आ गई है। हालांकि पंजाब सरकार ने मुसेवाला सहित 424 वीआईपी की सुरक्षा वापस ली है। इसे लेकर कांग्रेस हमलावर हो गई है और मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल कर रही है। इधर पंजाब क सीएम मान ने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, सिद्धू मूसेवाला की जघन्य हत्या से मैं स्तब्ध और दुखी हूं. इसमें शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा. मेरे विचार और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दुनिया भर में उनके प्रशंसकों के साथ हैं। मैं सभी से शांत रहने की अपील करता हूं।