बिलासपुर। जिले के बिल्हा क्षेत्र में चाट गुपचुप खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 5 बच्चियों को बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया जहां एक 9 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले को लेकर परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया। सीएमएचओ व अन्य डॉक्टरों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम को बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम देव किरारी में गांव की महिलाएं और बच्चियां ठेले पर गुपचुप और चाट खाने पहुंची। चाट गुपचुप खाने के बाद सभी अपने अपने घर चले गए। इसके बाद पता चला कि एक एक कर सबकी तबीयत बिगड़ रही है। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। दूसरे दिन सुबह महिलाओं का बच्चियों को मिलाकर लगभग 25 लोग बिल्हा स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती हुए।

बिल्हा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पांच बच्चियों को बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया। परिजन सभी को लेकर CIMS पहुंचे। यहा इलाज के दौरान 9 साल की बच्ची मीनाक्षी कोशले की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची की बड़ी बहन साक्षी कोशल की हालत गंभीर है। इधर जैसे ही बच्ची की मौत की खबर परिजनों को मिली उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को समझाया तब जाकर शांत हुए।

विधायक व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने CMHO डॉ. प्रमोद महाजन से लंबी चर्चा की और फुड पॉयजनिंग के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।