सीआईएनए, भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन में शनिवार आधीरात के बाद इलेक्ट्रिक लोको डिरेल हो गई। घटना शनिवार आधी रात के बाद लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब लोको का संटिंग किया जा रहा था। संटिंग के दौरान एक इलेक्ट्रिक लोको के सामने के पहिए पटरी से उतर गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

लोको के डिरेल होने की सूचना के बाद स्टेशन में हड़कंप मच गया। मौके पर अधिकारी पहुंच गए। इलेक्ट्रिक लोको के डिरेल होने का कारण सामने नहीं आ पाया है। मौके पर पहुंचे अफसरों ने जांच शुरू कर दी है। रात में लोको को पटरी पर नहीं लाया जा सका है। सुबह रेलवे की तकनीकी टीम पहुंच गई है और इलेक्ट्रिक लोको को वापस पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

रात में मच गई थी अफरा तफरी
जिस समय लोको डिरेल हुई तब स्टेशन में यात्रियों की भीड़ काफी कम थी। घटना की सूचना मिलते ही अफरा तफरी का माहौल बन गया था। लोको के डिरेल होने के कारण वॉशिंग लाइन प्रभावित हुई। वहीं अन्य ट्रेनों की आवाजाही में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आया है। स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि संटिंग के दौरान लोको डिरेल हुई है ट्रेन की गति काफी धीमी होने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ है। तकनीकी टीम लोको को वापस पटरी पर लाने में जुटी हुई है।