सीआईएनए, रायपुर। बदलते मौसम में प्रकृति द्वारा दिए गए जख्मों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मरहम लगाने का काम किया है। आकाशीय बिजली गिरने से बलौदाबाजार के रोहासी, मुंगेली के ठकुरीकापा तथा गरियाबंद के सहसपुर गांव में तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शोक संतृप्त परिवारों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।

आकाशीय बिजली गिरने से राज्य में अलग-अलग कुल तीन लोगों की जान चली गई। इनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मुंगेली के जरहागांव क्षेत्र में ग्राम ठकुरीकापा सुखदेव खांडे रविवार सुबह 5 बजे अपने खेत में निंदाई करने गया था। अचानक बारिश शुरू हो गई। लगभग 6:30 बजे अचानक से आकाशीय बिजली उस पर गिर गई। उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला। उसकी मौत हो गई। वहीं बलौदाबाजार में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

इसी तरह पलारी के ग्राम रोहासी निवासी अनीता साहू (40) पत्नी केशव साहू खेत में धान की बुआई करने के लिए गई थी। दोपहर करीब 12 बजे तेज आवाज के साथ बिजली अनीता पर गिर पड़ी। उसे पलारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री बघेल ने आकाशीय बिजली की घटना में मृत व्यक्तियों के प्रति दुःख व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी कलेक्टरों को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं के दौरान जन-धन की हानि को रोकने एवं बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के भी निर्देश दिए। साथ ही इस संबंध में राज्य शासन द्वारा पूर्व में एडवाइजरी भी जारी की गई है।