सीआईएनए, डेस्क। कर्ज व आर्थिक तंगी के कारण पूरा परिवार ही खत्म हो गया। घटना बिहार के समस्तीपुर जिले का है। जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिण गांव में एक परिवार के पांच लोगों के शव फंदे से लटके मिले। मरने वालों में 10 व 7 साल के दो बच्चों के भी शव हैं। बताया जा रहा है कि पहले बच्चों को लटकाने के बाद मां बाप व बुजुर्ग महिला ने फांसी लगा ली।

मिली जानकारी के अनुसार धनेशपुर दक्षिण गांव निवासी मनोज झा ने अपने परिवार के साथ सामूहिक आत्महत्या कर ली। उसकी बेटी व दामाद घर आए हुए थे। शनिवार को उसकी बेटी व दामाद दूसरे कमरे में चले गए। सुबह जब बेटी उठकर देखी तो उनके पिता का कमरा खुला हुआ था औँर पांच लोग फंदे पर लटके हुए थे। मनोज झा, सुंदर मणि,  बुजुर्ग महिला सीता देवी सहित  10 साल का सत्यम और 7 साल के शिवम का शव लटका हुआ था।

अपने माता पिता व भाई बहनों को इस तरह फंदे पर लटका देख बेटी के होश उड़ गए। वह जोर जोर से चीखने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया। पंचनामा के बाद सभी का पोस्ट मार्टम कराया गया। इस दौरान घटनास्थल के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

बेटी की शादी के लिए लिया था कर्ज
इधर पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मनोज झा ने बेटी की शादी के लिए कर्ज ले रखा था जिसे वचह चुका नहीं पा रहा था। उस पर परिवार की आर्थिक स्थिति भी दिनों दिन खराब होती जा रही थी। गांव वालों ने बताया कि इस बात को लेकर मनोज झा अक्सर परेशान रहता था। संभवत: आत्महत्या की यही वजह रही होगी। पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह का पता लग पाएगा।