बिलासपुर। मोबाइल की लत के कारण फिर एक छात्र की जान चली गई। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। यहां एक 16 साल का छात्र मां के मोबाइल छीनने से इतना नाराज हुआ कि उसने अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। फंदे से झूलता देख परिजन उसे अस्पताल भी लेकर गए लेकिन वह बच नहीं पाया। घटना के सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार शुभम विहार बापजी रेसीडेंसी कॉलोनी में रहने वाले 16 साल के युवराज सिंह ने जरा सी बात पर फांसी लगा ली। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। युवराज सिंह मोबाइल का आदी हो चुका था। पढ़ाई में होनहार होने के साथ मोबाइल पर दिनभर गेम खेलता रहता था। उसकी इस आदत से परिजन काफी परेशान थे।

गुरुवार को भी वह मोबाइल पर गेम खेल रहा था। मां ने उसे मोबाइल पर गेम खेलने से मना किया तो वह इतना नाराज हुआ कि उसने अपने कमरे में फंदा बनाया और फांसी लगा ली। जैसे ही परिजनों को पता चला कि बेटे ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया है तो उन्होंने फंदा काटकर नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की गंभीर हालत को देखकर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में सिविल लाइंस थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को घटना की जानकारी मिली है। प्रारंभिक जांच में मां के मोबाइल छीनने के कारण ही छात्र द्वारा फांसी लगाने की बात सामने आई है। फिलहाल छात्र का कमरा सील किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।