सीआईएनए, डेस्क। राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया गया है। पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को इसकी अधिकारिक घोषणा की है। पहले से उम्मीद की जा रही थी कि एनडीए किसी महिला को उम्मीदवार बनाएगा और ऐसा ही हुआ।

मंगलवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि देश को पहली बार आदिवासी समुदाय से एक राष्ट्रपति देने की तैयारी है। हमने इस बात पर भी विचार किया कि अभी तक देश को आदिवासी महिला राष्ट्रपति नहीं मिली हैं, इसलिए बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू को फाइनल किया गया। बीजेपी अध्यक्ष ने बताया कि द्रौपदी मुर्मू ने लंबे समय तक शिक्षक के रूप में काम किया। वे शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रही हैं।

बता दें द्रौपदी मुर्मू साल 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रहीं। राज्यपाल का पद संभालने से पहले द्रौपदी मुर्मू बीजेपी की ST मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी हैं। इसके अलावा एक विधायक के रूप में भी द्रौपदी मुर्मू ने काम किया है।  उन्हें साल 2007 में नीलकंठ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होना है। इससे पहले विपक्ष ने भी अपने उम्मीदवार बना दिया है। विपक्ष ने संयुक्त रूप से यश्सांवत सिन्हा को मैदान में उतारा है।