सीआईएनए, सक्ती। जांजगीर-चांपा अलग होकर बने सक्ती जिले में लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। गुरुवार को यहां के लोगों ने सरकार के खिलाफ काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों के साथ ही यहां के व्यापारी भी एकजुट रहे और दिनभर अपनी दुकानें बंद रखी। दरअसल लोगों का यह गुस्सा सख्ती जिला मुख्यालय को लेकर है।

15 अगस्त 2021 को नए जिले की घोषणा के बाद सक्ती के लोगों में बड़ी खुशी थी। धीरे धीरे जिला ग्रठन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस बीच सरकार ने ओएसडी की नियुक्ति कर दी। वहीं यहां जिला मुख्यालय, एसपी कार्यालय आदि के लिए आदेश जारी किया गया। सरकारी आदेश के मुताबिक जिला मुख्यालय के लिए जेठा का चयन किया है। जेठा सक्ती नगर से 10 किमी की दूरी पर है। बस इसी वजह से लोग विरोध में उतर आए हैं।

लोगों की मांग नगर में हो मुख्यालय
सक्ती के लोगों की मांग है कि जिला मुख्यालय सक्ती नगर में ही बनाया जाए। जिला प्रशासन के सभी प्रमुख दफ्तर जैसे तहसील कार्यालय, एसपी कार्यालय, कलेक्टोरेट सहित तमाम प्रशासनिक दफ्तर नगर में ही बनाए जाएं। इसी मांग को लेकर गुरुवार को सक्ती बंद रखा गया और शहर भर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुए।

प्रदर्शन में आम लोग तो शामिल रहे साथ ही भाजपा ने भी इसका समर्थन किया और व्यापारी भी खुलकर इसके विरोध में आए। जिला मुख्यालय में नगर में बनाए जाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी हुई। इस प्रदर्शन में कई संगठन शामिल हुए जिसमें अधिवक्ता से लेकर ऑटो चालक भी शामिल रहे।