सीआईएनए, बलौदाबाजार। परिजनों की नाराजगी और शादी के लिए नहीं मानने पर यहां एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों खेतों के बीच पेड़ पर दोनों के शव लटके देखा तो इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों के शव उतरवाए और पीएम के लिए भेजा।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला कसडोल थाना क्षेत्र के साबर गांव का है। यहां के रहने वाले घनश्याम वर्मा का गांव की ही 17 साल की लड़की से प्रेम प्रसंग चर रहा था। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। लेकिन इसके लिए इनके घर वाले नहीं मान रहे थे। अलग-अलग जाति का होने के कारण परिजन शादी के खिलाफ थे।

रात को निकले तो फिर नहीं लौटे
परिजनों के विरोध के कारण दोनों ने खौफनाक निर्णय ले लिया। कसडोल पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम को दोनों अपने अपने घरों से निकल गए। इसके बाद नहीं लौटे। रात होने के बाद परिजनों ने दोनों की काफी तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह जब गांव वाले खेतों की ओर गए तो उन्हें दोनों के शव बबूल के पेड़ पर लटके मिले। इसके बाद इसकी खबर गांव वालों को मिली और पुलिस को भी सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। अब तक पूछताछ में यही बात सामने आई है कि दोनों शादी करना चाहते थे ओर परिवार वाले शादी के खिलाफ थे। इसी वजह से दोनों ने खुदकुशी कर ली। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।