भिलाई। कहते हैं शादी संजोग से होती है। भगवान के घर में जोड़ियां बनती है। लेकिन क्या कभी सुना है कि गोबर से दुल्हन मिल सकती है। छत्तीसगढ़ में ऐसा ही एक किस्सा सामने आया है। एक युवक शादी नहीं हो रही थी क्योंकि उसकी कमाई कम थी। इसके बाद गोबर ने उसे दुल्हन दिला दी। अब युवक की शादी हो चुकी है और सुखी संसार जी रहा है।

दरअसल यह पूरा किस्सा छत्तीसगढ़ सरकार की गोधन न्याय योजना से जुड़ा हुआ है। मनेन्द्रगढ़ में भेंट मुलाकात के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा के दौरान एक युवक ने अपना किस्सा बताया। युवक ने बताया कि किस तरह गोधन न्याय योजना के कारण उसकी शादी हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी युवक की कहानी सुनकर काफी रोमांचित हुए।

गोधन न्याय योजना से हो रही है एक्सट्र कमाई
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भेंट मुलाकात के दौरान पाराडोल निवासी श्याम कुमार जायसवाल ने अपना किस्सा सुनाया। पेशे से पशुपालक श्याम ने बताया कि पशुपालन व डेयरी के व्यवसाय से जितनी कमाई होती थी उससे घर खर्च बामुश्कल चल पाता था। ऐसे में शादी के लिए कोई अपनी लड़की देना नहीं चाह रहा था। इसकी वजह से घरवाले काफी चिंतित रहने लगे थे।

आमदनी बढ़ी तो हुई शादी

श्याम कुमार ने बताया कि इस बीच सरकार ने गोधन न्याय योजना शुरू की और पशुपालकों से गोबर खरीदना शुरू किया। श्याम कुमार ने बताया कि गोधन न्याय योजना से हमें एक्सट्रा कमाई का जरिया मिल गया। डेयरी के साथ गोबर का भी पैसा मिलने लगा जिससे कमाई बढ़ गई। युवक ने बताया कि आमदनी बढ़ने से रिश्ते भी आने लगे और इस तरह गोधन न्याय योजना के कारण उनकी शादी हो गई।

दो लाख से किलो से ज्यादा बेच दी गोबर

श्याम कुमार ने बताया कि पहले उसकी मवेशियों का गोबर व्यर्थ जाता था। लेकिन गोधन न्याय योजना शुरू होने के बाद उसने अब तक दो लाख पांच हजार किलोग्राम गोबर बेच चुके हैं, जिसके एवज में उन्हें चार लाख 10 हजार रुपये की आमदनी हुई है। श्याम कुमार ने बताया कि गोबर बेचने से हुई आमदनी से पहले उन्होंने कुछ और गाएं खरीदी। आमदनी से उन्होंने मवेशियों के लिए शेड बनवाया। श्याम कुमार ने कहा, गोधन न्याय योजना से मेरे जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, उसके लिए मैं मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं।

युवक की मेहनत देखकर परिजन प्रभावित

श्याम कुमार से साथ पहुंची उनकी पत्नी  अंजू ने बताया कि पेशे से वे नर्सिंग स्टॉफ हैं। उनके विवाह को लेकर चर्चा चल रही थी। इस बीच परिजनों को श्याम कुमार से बारे में जानकारी मिली। इनकी मेहनत देख परिवार वाले प्रभावित हुए और एक गोबर बेचने वाले श्याम कुमार से शादी कराने के लिए राजी हो गए। इनका विवाह बीते 19 जून को संपन्न हुआ।

सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा

गोधन न्याय योजना की वजह से वैवाहिक सूत्र में बंधे नवयुगल को सुनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें विवाह और दाम्पत्य जीवन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि, बीते साढ़े तीन साल में प्रदेशवासियों में राज्य सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। नवयुगल इसका एक बड़ा उदाहरण है। बेटी के परिजनों को यह विश्वास था कि गोबर खरीदी जैसी योजना को राज्य सरकार निरंतर जारी रखेगी।