तीरंदाज न्यूज। अधीर रंजन ने संसद में अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रीय पत्नी’ शब्द का इस्तेमाल किया था। बीजेपी सांसदों के मुताबिक, अधीर रंजन ने जानबूझकर दो बार इस शब्द का इस्तेमाल किया। जबकि कांग्रेस पार्टी इसे अधीर रंजन की अनजाने में हुई गलती बता रही है।

‘राष्ट्रपत्नी’ के बयान को लेकर घर से लेकर सड़क पर हंगामा हो गया है। अब इस विवाद में राष्ट्रीय महिला आयोग भी सामने आया है। पश्चिम बंगाल से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के बयान को राष्ट्रीय महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है।

आयोग ने गुरुवार को कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी को नोटिस जारी कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा। महिला पैनल ने कांग्रेस नेता को व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा है। इस संबंध में सुनवाई 3 अगस्त को सुबह 11:30 बजे होनी है।

हालांकि, अपने बयान पर खेद जताते हुए अधीर रंजन ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से राष्ट्रपति से माफी मांगेंगे। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी मामले में हस्तक्षेप करने और चौधरी के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए उचित कार्रवाई करने के लिए लिखा गया था।

बैकफुट पर आ गई कांग्रेस
संसद में जीएसटी वृद्धि और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेर रही कांग्रेस अपने नेता के बयान की वजह से खुद बैकफुट पर आ गई। संसद के अंदर और बाहर गुरुवार को भाजपा ने कांग्रेस को घेरा। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर संसद में जमकर बरसीं।

अधीर के बहाने स्मृति ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधा और उनसे माफी की मांग की। स्मृति ने कहा, “सोनिया गांधी, आपने द्रौपदी मुर्मू के अपमान को मंजूरी दी। सोनिया जी ने सर्वोच्च संवैधानिक पद पर महिला के अपमान को मंजूरी दी।”

स्मृति ने आगे कहा, “राष्ट्रपति पद का उम्मदीवार बनते ही द्रौपदी मुर्मु कांग्रेस पार्टी के घृणा का केंद्र बन गईं। कांग्रेस नेताओं ने मुर्मू को कठपुतली कहा है। कांग्रेस के घृणित कार्य करने वाले पुरुष नेताओं ने द्रौपदी को अमंगल का प्रतीक कहा। कल कांग्रेस के नेता सदन ने देश की राष्ट्रपति को राष्ट्रपत्नी संबोधित कर उनका अपमान किया।”