रायपुर। आज घर से निकलने से पहले ये जरूर जान लें कि आप सरकारी काम से जा रहे हैं वो बंद तो नहीं है। क्योंकि प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों के कर्मचारी आज से 29 जुलाई तक हड़ताल पर रहेंगे। शनिवार और रविवार को शासकीय अवकाश होने के कारण पूरे सात दिन दफ्तर बंद रहेंगे। यानी यह पूरा सप्ताह हड़ताल और छुट्टियों की भेंट चढ़ जाएगा। दरअसल प्रदेश भर के सहायक शिक्षक पहले से ही हड़ताल पर हैं।

राज्य के कर्मचारी केंद्रीय कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ते और मकान किराया भत्ता देने की मांग को लेकर आंदोलन करने जा रहे हैं। बताया गया है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाता है। जबकि राज्य के कर्मचारियों को महज 22 फीसदी भत्ता दिया जा रहा है। ऐसे में कर्मचारी फेडरेशन ने हड़ताल का आह्वान किया है। इसमें अन्य कर्मचारी संगठन, शिक्षक संघ और पटवारी संघ भी शामिल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार अगस्त के महीने में शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 13 दिन अवकाश रहेगा। अगस्त में शनिवार और रविवार की 9 छुट्‌टियां हैं। इसके अलावा शासकीय अवकाश भी हैं। छुट्टियों के कारण केंद्र व राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी असर पड़ेगा। खेती किसानी का सीजन है। ऐसे में किसानों को ज्यादा दिक्कतें होंगी।

22 फीसदी महंगाई भतता, इसे ही बढ़ाने की मांग

टीचर्स एसोसिएशन के मुताबिक प्रदेश ही एकमात्र ऐसा राज्य है जहां 22 प्रतिशत मंहगाई भत्ता दिया जा रहा है। कर्मचारियों को अभी भी साढ़े 6 साल पुराने 6वें वेतनमान के अनुरूप मकान किराया भत्ता मिल रहा है। इसके चलते कर्मचारियों को प्रतिमाह लगभग 4000 से 14000 रुपए की आर्थिक क्षति हो रही है। मांग पूरी नहीं होती है, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए तैयार हैं।