रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई शहरों में बारिश कम होने से गर्मी बढ़ गई है। हालांकि आज सुबह से ही रायपुर में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश भर में सोमवार से लगातार वर्षा शुरू हो सकती है। दरअसल, उत्तर तटीय ओडिशा व उससे लगे क्षेत्रों में एक निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से अगले हफ्ते से भारी वर्षा के आसार है।

लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार आज कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने व वर्षा की आशंका है। प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में कल हल्की से मध्यम वर्षा हुई। मानसून की बेरुखी के चलते उमस बनी हुई है, जिससे सोमवार से राहत मिलने की उम्मीद है।शुक्रवार को प्रदेश भर में एडब्लयूएस दुर्ग सर्वाधिक गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर व दुर्ग संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। सरगुजा में सामान्य से कम और बस्तर में सामान्य रहा।

जून में 29 प्रतिशत कम बारिश

मानसून की बेरुखी के चलते जून-2022 में प्रदेश में 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में अंबागढ़ चौकी में 7 सेमी, डौंडीलोहारा-बीजापुर में 5 सेमी, कटेकल्याण-मोहला-केशकाल में 3 सेमी, बड़ेराजपुर-डोंगरगांव-जांजगीर में 2 सेमी वर्षा दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों के साथ प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है।

अब इस सिस्टम से होगी बारिश

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि चार जुलाई से उत्तर तटीय ओडिशा व उससे लगे आसपास के क्षेत्रों में निम्न दाब का क्षेत्र बन रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को हल्की से मध्यम वर्षा के आसार है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हो सकती है।