सीना डेस्क। रूस –यूक्रेन वार के बीच शनिवार रात 8 बजे यूक्रेन में फंसे 219 भारतीय छात्रों को लेकर एअर इंडिया का विमान AI-1943 मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कर गया। एयरपोर्ट पर उतरते ही छात्रों के चेहरों पर मुस्कुराहट थी वहीं अपने कई साथियों के वहां फंसे होने का दर्द भी। छात्रों के मुंबई पहुंचने पर केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनका स्वागत किया।

बता दें एअर इंडिया का विमान AI-1943 ने शनिवार दोपहर को रोमानिया के बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। इनके लिए मुंबई के एयरपोर्ट पर एक स्पेशल कॉरिडोर बनाया गया है। यहां से बाहर निकलने के लिए यात्रियों को कोविड-19 टीकाकरण का प्रमाणपत्र या RT-PCR की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी थी। मुबई में उतरने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली। सभी की रिपोर्ट देखने के बाद उन्हें मुंबई में ही ठहराया गया।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा मातृभूमि में आपका स्वागत

यूक्रेन से मुंबई पहुंचे भारतीय छात्रों का स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मातृभूमि में आप सबका स्वागत है। इस मौक पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आप सबकी सुरक्षित वापसी के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात की। रूस ने भी भारतीयों की सुरक्षित वापसी की बात कही है। आप लोगों को अपने दोस्तों यह संदेश देना है कि सरकार सभी की सकुशल वापसी कराएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि लगातार फ्लाइट्स आ रही हैं। सुबह तक एक और फ्लाइट आ जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से प्रधानमंत्री मोदी आप लोगों की चिंता कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने कई लोगों से बात की। इसके बाद स्टूडेंट्स को एयरपोर्ट पर नाश्ता करवाया गया। सभी को अपने-अपने घर भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान मुंबई महानगर पालिका ने मुंबई में इनकी सभी सर्विस फ्री की है। बीएमसी ने सभी छात्रों के रहने व खाने की व्यवस्था की है।