रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजनांदगांव व खैरागढ़ के दौरे पर रहेंगे। खैरागढ़ के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में खैरागढ़ महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे 6 करोड़ 51 लाख रूपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे तथा चिटफंड कंपनी के निवेशकों को डेढ़ करोड़ रूपए की राशि लौटाएंगे। मुख्यमंत्री बघेल राजनांदगांव जिले में स्थापित 9 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का लोकार्पण भी करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा खैरागढ़ महोत्सव का आयोजन 27 से 30 अप्रैल 2022 तक किया जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन 27 अप्रैल 2022 को शाम 7.30 बजे विश्वविद्यालय परिसर क्रमांक 1 खैरागढ़ में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल अनुसुइया उइके होंगी और अध्यक्षता सीएम भूपेश बघेल करेंगे। विशिष्टि अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, सांसद संतोष पाण्डेय एवं नवनिर्वाचित विधायक खैरागढ़ यशोदा वर्मा उपस्थित रहेंगी।

27 से 30 तक बिखरेगा संगीत व कला का जादू

इंदिरा गांधी कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ की कुलपति डॉक्टर ममता चंद्राकर ने बताया कि उद्घाटन समारोह में मशहूर गायिका कविता कृष्णमूर्ति व प्रसिद्ध वायलिन वादक डॉ सुब्रमण्यम अपनी प्रस्तुति देंगे। 4 दिवसीय इस महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। 28 अप्रैल को मोहिनीअट्टम नृत्य की प्रस्तुति कलामंडलम सोनी एवं समूह तिरुअनंतपुरम केरल द्वारा दी जाएगी। साथ ही इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के संगीत संकाय द्वारा राज्य गीत एवं वाद्य वृंद की प्रस्तुति दी जाएगी।

डॉ ममता चंद्राकर ने बताया कि 28 अप्रैल को पद्मश्री उस्ताद एप वशिप उद्दीन डागर ध्रुपद गायन तथा छत्तीसगढ़ के जसगीत गायक दिलीप षडंगी की प्रस्तुति होगी। 29 अप्रैल को इंदौर के पारितोष पोहनकर गायन की प्रस्तुति देंगे। वहीं इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के छात्र-छात्राओं द्वारा ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। मुंबई के पंडित बृज नारायण सरोद वादन करेंगे। इसके अलावा मुंबई का बल्लीमारान बैंड की प्रस्तुति पियूष मिश्रा द्वारा दी जाएगी ।

डॉ चंद्राकर ने बताया कि 29 अप्रैल को पद्मश्री मुकुंद नायक आदिवासी लोक संगीत की प्रस्तुति भी देंगे। महोत्सव के अंतिम दिन 30 अप्रैल को इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अरपा पैरी के धार एवं लोक में राम की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा नई दिल्ली से योगेश कुमार सोनकर पहुंचेंगे जो शहनाई वादन करेंगे। देवास की विदुषी कलापिनी कोमकली द्वारा गायन की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा पश्चिम बंगाल का प्रसिद्ध छाऊ नृत्य एवं महाराष्ट्र का लावणी नृत्य भी अंतिम दिन का आकर्षण होगा।