भिलाई। छत्तीसगढ़ के इस युवा पत्रकार निलेश त्रिपाठी को अंतरराष्ट्रीय संस्था पापुलेशन फर्स्ट ने लाडली मीडिया फैलोशिप-2022 प्रदान की है। इस फैलोशिप के लिए देश भर के उन 15 पत्रकारों का चयन किया गया है जो अपनी लेखनी के जरिये विभिन्न सामाजिक मुद्दों को उठाते रहे हैं। इस साल फैलोशिप के लिए सेलेक्ट किये गए पत्रकारों में निलेश छत्तीसगढ़ से इकलौते हैं।

दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘पापुलेशन फर्स्ट’ द्वारा हर साल विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग के लिए फैलोशिप अवार्ड की जाती है। साल 2022 की लाडली मीडिया फैलोशिप अवार्ड के लिए चयनितों की सूची एक दिन पहले यानी 28 अप्रैल को जारी की गई है। मीडिया क्षेत्र में इस फैलोशिप को सम्मान के रूप में देखा जाता है।

फैलोशिप के लिए चयनित पत्रकारों को मई से जुलाई 2022 के बीच चयनित विषय पर 4 विस्तृत रिपोर्ट पेश करनी होगीं। इसके एवज में संस्था मोमेंटो, प्रमाण पत्र और 50 हजार रुपये प्रदान करेगी। निलेश Gender-based violence (GBV), gender and disability, reporting on the LGBTQAI community, and sexual and reproductive health (SRH) of women and adolescent girls विषय पर रिपोर्ट तैयार करेंगे।

इस विषय पर निलेश की पहले भी कई रिपोर्ट चर्चा में रहीं हैं। भिलाई के ‘गे’ युवक पर लिखी गई उनकी खबर काफी चर्चित रही थी। गे युवक ने अपनी पसंद के लड़के से शादी के लिए मां से इजाजत मांगी थी और माँ ने इजाजत दे भी दी थी।

निलेश फ़िलहाल नेटवर्क 18 मीडिया के डिजिटल संस्करण में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बस्तर में सलवा जुडूम के प्रभावितों पर आधारित उनकी न्यूज सीरिज ‘बस्तर फाइल्स’ भी चर्चा में रही। बस्तर में नक्सल हिंसा, किसानों और आदिवासियों की परेशानी पर भी वे लिखते रहे हैं।

इससे पहले टीबी बीमारी के निदान पर केंद्रित खबर के लिए राष्ट्रीय संस्था रिच ने 2020 में निलेश को रिच मीडिया फैलोशिप प्रदान की थी। भिलाई में एक राष्ट्रीय हिंदी दैनिक अखबार के लिए भिलाई से काम करते हुए निलेश ने अपनी एक अलग पहचान बनाई। छात्र राजनीति और छात्रों से जुड़ी समस्याओं को वे लगातार उठाते रहे हैं।

By admin