सीआईएनए डेस्क। रांची कॉमर्शियल कोर्ट ने फिल्म ‘जुग-जुग जियो’ की रिलीज पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। करण जौहर की फिल्म पर चल रहे कॉपीराइट मामले में गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। अब 24 जून को करण जौहर की फिल्म रिलीज होगी। अब धर्मा प्रोडक्शंस और करण जौहर विशाल सिंह के खिलाफ मानहानि और हर्जाने का मुकदमा दायर करने की प्रक्रिया में हैं। 

याचिकाकर्ता और लेखक विशाल सिंह ने फिल्म की कहानी को लेकर चोरी का आरोप लगाया था और कोर्ट में केस दर्ज कराया गया था। उन्होंने कोर्ट से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की भी गुहार लगाई थी। इस संबंध में बुधवार को कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए फैसला सुरक्षित रख लिया था।

इससे पहले 22 मई को जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया, तो दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया। मगर, जब रांची के रहने वाले विशाल सिंह को पता चला कि ये फिल्म उनकी कहानी चुराकर बनाई गई है तो इस पर हंगामा शुरू हो गया। दरअसल, विशाल सिंह ने कहा कि उन्होंने एक बार यह कहानी करण जौहर को भेजी थी, लेकिन उन्होंने यह कहकर लौटा दिया कि यह उपयोगी नहीं है। 

बाद में फिल्म निर्माता ने बिना पूछे उनकी कहानी पर फिल्म बना ली। इसके बाद विशाल सिंह ने 14 जून को रांची कमर्शियल कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। उन्होंने कहा था कि धर्मा प्रोडक्शन्स ने कॉपीराइट एक्ट 1957 का उल्लंघन करते हुए उनकी सहमति के बिना ‘बनी रानी’ नाम की कहानी पर फिल्म जग-जुग जियो बनाई।

उन्होंने कहा कि इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। जिसके बाद आज कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया है। अब जग जग जियो की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।