बीजापुर। जिले में बड़ी वारदात सामने आई है। जिले के एक गांव में एक युवक के सीने में नक्सलियों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद नक्सली भाग गए। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना बीजापुर के मद्देड़ थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार पालपटनम ब्लॉक के नक्सल प्रभावित गांव अंगमपल्लीगुड़ा के रहने वाले यालम शंकर की नक्सलियों ने हत्या कर दी। गुरुवार रात को होलिका दहन के बाद सभी अपने अपने घरों में थे। यालम शंकर भी भी अपने घर में ही था। इस दौरान कुछ ग्रामीण उसके घर पहुंचे। दरअसल ग्रामीणों की भेष में यह सभी नक्सली थे।

घर पहुंचने के बाद यलम शंकर को ग्रामीणों के भेष में पहुंचे नक्सलियों ने घर से बाहर खींच कर बाहर निकाला। इसके बाद धारदार हथियार से उसने सीने में वार कर दिया। इसके साथ ही यलम शंकर तड़प कर जमीन पर ही गिर गया। कुछ देर तड़पने के बाद उसने दम तोड़ दिया। हत्या के बाद नक्सली जंगलों की ओर भाग निकले। बताया जा रहा है कि करीब 4 से 5 की संख्या में नक्सली पहुंचे थे। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

पुलिस मुखबिरी के शक में हत्या की आशंका

पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या पुलिस मुखबिरी के शक में की गई है। हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है अक्सर नक्सली ग्रामीणों की हत्या पुलिस मुखबिरी के शक में ही करते हैं। बीते डेढ़ साल में नक्सलियो ने ऐसी लगभग 15 लोगों की हत्या की है। इनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। नक्सलियों द्वारा पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्या किया जाता है। हलांकि मृतक युवक को लेकर ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।