मुंबई। अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी 100 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। अडानी ग्लोबल इंडेक्स में 10वें स्थान पर है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन अंबानी 11वें स्थान पर खिसक गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अदानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी एक बार फिर से एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया हैं।

सूचकांक में इस लेटेस्ट बदलाव के बाद अडानी अब दुनिया के दसवें सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अंबानी 99 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ वैश्विक स्तर पर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इन धनकुबेरों की संपत्ति में उतार- चढ़ाव की असली वजह दुनिया भर के शेयर बाजारों में जारी गिरावट है।
अडानी समूह के 59 वर्षीय संस्थापक बंदरगाहों और एयपोर्ट्स से लेकर थर्मल ऊर्जा और कोयले तक की कंपनियों को नियंत्रित करते हैं, और अब उनकी कुल संपत्ति 100 बिलियन डॉलर है। पिछले कुछ महीनों में, अडानी और अंबानी अरबपतियों की लिस्ट टॉप स्थान के लिए एक दूसरे आगे-पीछे होते रहे हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अडानी ने पिछले साल अपनी कुल संपत्ति में 23.5 अरब डॉलर जोड़े हैं, जो इस लिस्ट में सबसे ज्यादा है। इस बीच, अंबानी ने इसी अवधि में अपनी कुल संपत्ति में 9.03 बिलियन डॉलर जोड़ा था। पिछले एक हफ्ते में अडानी ग्रुप की एडिबल्स ऑयल कंपनी अडानी विल-मार के शेयर में 30 फीसदी का उछाल आया है। इसने अपने इश्यू प्राइस 230 रुपए प्रति शेयर से 136 फीसदी की छलांग लगाई है। अडानी विल्मर ने इनिशियल पब्लिक ऑफर के जरिए 3,600 करोड़ रुपए जुटाए थे।

जकरबर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान
टेस्ला के एलोन मस्क 273 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। इसके बाद अमेजन के जेफ बेजोस 188 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस गिरावट की वजह से मेटा के मार्क जुकरबर्ग को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उनकी कंपनी के शेयरों में गुरुवार को 26 फीसदी की गिरावट आई जिसके चलते उनकी संपत्ति में 26 अरब डॉलर की कमी दर्ज की गई है।