Three years of governance: Photo exhibition in Rajendra Park

गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया शुभारंभ, प्रदर्शनी देखने लोगों में भी दिखा उत्साह

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस शासन के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजेन्द्र पार्क में फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। इस मौके पर सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों को दिखाया गया। फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन ने 3 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की है, हमने जो वायदे किए थे, उनमें से अधिकांश वायदे पूरे किए। चाहे कर्ज माफी का निर्णय हो या किसानों के फसल का उचित मूल्य देने का निर्णय हो अथवा अधोसंरचना की बेहतरी का मसला हो, हर क्षेत्र में शासन ने जन सरोकार को बढ़ाया है।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि लोगों को हर प्रकार की सुविधा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं का सभी का लाभ मिला है। गोधन न्याय योजना से आज गावों में अभूतपूर्व क्रांति आई है। वहीं इसके कारण आज गांव का किसान अपना गोबर बेच पा रहा है। इसके बदले जो पैसा मिल रहा है उसका उपयोग वह दूसरे कार्यों में कर पा रहा है। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि सरकार की मंशा है कि वह प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाए।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने दुर्ग शहर के विधायक अरूण वोरा व नगर निगम दुर्ग के महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी किया। इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि जनसंपर्क विभाग ने इस प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की योजनाओं को दर्शाया है। तस्वीरों में प्रदेश की विकास गाथा यहां उपस्थित हर एक व्यक्ति देख पा रहा है। विधायक वोरा ने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान लोगों को  शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।  कार्यक्रम में मौजूद महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रदर्शनी निश्चित रूप से लोगों के लिए उपयोगी होगी। इसके माध्यम से अधिकाधिक लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी। प्रदर्शनी के दौरान अपर कलेक्टर पद्मिनी भोई, एसडीएम विनय पोयाम, सौरभ शर्मा जनसंपर्क अधिकारी, आर नटेश, प्रदीप सिंह कंवर, हेमलाल प्रभाकर एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

By admin