सुकमा। CRPF के जवानों को रात में दावत उड़ाना भारी पड़ गया। रात का खाना खाने के बाद 28 जवान फूड प्वॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। यह सभी जवान CRPF की 150वीं बटालियन के ‘C’ कंपनी में पदस्थ हैं। सभी को गुरुवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल जवानों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी जवान की तबीयत में सुधार हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को  CRPF की 150वीं बटालियन के जवानों के लिए विशेष दावत रखी गई थी। रूटीन खाने की अपेक्षा दावत के नाम पर अलग अलग डिसेज बनाए गए। रात को जवानों ने जमकर दावत उड़ाई। खाना खाने के बाद अचानक जवानों की तबीयत बिगड़ने लगी। जवान उल्टियां करने लगे और कुछ जवानों को पेट दर्द के साथ दस्त शुरू हो गए।

इसके बाद 28 जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर दावत के बाद खाने की जांच की गई। आशंका जताई जा रही है कि दावत में जो सरसो का तेल इस्तेमाल किया गया वह काफी पुराना हो गया था। जिसके कारण जवान फूड प्वॉजनिंग के शिकार हुए। फिलहाल सभी जवान खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में जवानों के फूड प्वॉजनिंग के शिकार होने से खाने की क्वालिटी पर सवाल उठ रहे हैं।

कैंप में सैकड़ों जवान है और रोजना इन्हें गश्त पर जाना होता है। ऐसे में जवानों के बीमार होने से चिंता बढ़ गई है। हालांकि अभी उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। इधर कैंप के अफसरों ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आखिरी इतने पुराने तेल से खाना क्यें बनाया गया। सबसे बड़ी बात तो यह है बाकि जवानों को कुछ नहीं हुआ।