बिलासपुर। शहर के आउटर में एक गांव का किसान ने गांजे की खेती का गजब तरीका खोज निकाला। किसान ने अपने खेत में मूंगफली की फसल लगाई और इसके बीच में गांजे के पौधे भी लगा दिए। मूंगफली की खेती के साथ में गांजे के पौधे बढ़ने लगे। इस बीच पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो खेत पहुंचकर गांजे के पौधे उखाड़े। हिरासत में लेने के बाद अब किसान कह रहा है कि गांजे के पौधे उसने नहीं लगाए।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला सीपत थाना क्षेत्र के गांव नवागांव कौड़िया का है। यहां के किसान मोहन लाल पटेल ने अपने खेत में गांजे के पौधे लगा रखे थे। इसने यह पौधे मूंगफली के पौधों के बीच बीच में ऐसे लगाया था कि किसी को शक भी न हो। दिखने में एक जैसे होने के कारण इनमें दूर से फर्क करना मुश्किल हो जाता है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की किसान मोहल लाल ने अपने खेत में गांजे के पौधे लगाए हैं।

सूचना के बाद सीपत पुलिस नवागांव कौड़िया में रहने वाले किसान मोहनलाल पटेल के खेत में पहुंची। किसान मोहन लाल के सामने ही खेत की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। खेत में मूंगफली की फसल के साथ बीच-बीच में गांजे का पौधा लगाया गया था। जांच के बाद पुलिस खेत से एक दो नहीं पूरे 18 पौधे बरामद किए। पौधे की हाइट 9 से 10 फीट की थी।

किसान बोला उसे पता नहीं किसने लगाए
खेत से गांजे के पौधे बरामद करने के बाद पुलिस ने किसान मोहनलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किसाना के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूलिस पूछताछ में किसान ने कहा कि उसे नहीं पता कि खेत में गांजे के पौधे किसने लगाए हैं। वहीं पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में गांजे के पौधों को जब्त किया।