सीआईएनए, डेस्क। शादी के दिन दोस्तों के साथ देर रात तक डांस व हुड़दंग करना एक दूल्हे के लिए भारी पड़ गया। दूल्हा दोस्तों के साथ डांस करने में इतना मस्त रहा कि लड़की वालों को यह रास नहीं आया। उसी मंडप पर लड़की ने दूसरे से शादी कर ली। यही नहीं घर वालों ने लड़की की विदाई भी कर दी। इसके बाद दूल्हे को होश आया। इसके बाद दूल्हे ने थाने पहुंचकर दुल्हन व उसके घरवालों की शिकायत दर्ज कराई है।

दरअसल यह पूरा मामला राजस्थान के चुरू जिले का है। मिली जानकारी के अनुसार 15 मई को हरियाणा के सिवानी निवासी अनिल बारात लेकर राजस्थान के चुरू जिले के चेलाना बास गांव मंजू नाम की युवती से शादी करने पहुंचा था। रात करीब 9 बजे बारात निकली और दुल्हन के घर पहुंचते ही डीजे की धुन पर नाचने लगे। शराब के नशे में बाराती व दूल्हा रात 2 बजे तक डांस करते रहे।

इधर दुल्हन मंडप में दूल्हे का इंतजार करती रही। बारात में आए दूल्हे और उसके दोस्तों की हुड़दंग को देखकर दुल्हन ओर उसके परिजन नाराज हो गए। हुड़दंग से परेशान होकर दुल्हन के परिजन और गांववालों ने उसकी शादी दूसरे युवक से करा दी और विदाई भी कर दी और बारात को लौटा दिया। इससे दूल्हा नाराज हो गया और लड़की पक्ष वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

रुकी हुई थी सभी रस्में
बारात लेकर पहुंचा दूल्हा मंडप पर नहीं पहुंच रहा था। मुहूर्त का समय सवा एक बजे का था। लड़की वालों ने डीजे बंद कर मंडपर बुलाया तो वे नाराज हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद दुल्हन और उसके परिजनों ने शादी किसी अन्य लड़के से कराने का फैसला कर लिया। रात में उसी मंडप में दुल्हन के परिजनों ने दुल्हन की शादी किसी दूसरे लड़के से करा दी। पुलिस ने लड़के वालों को समझाइश देकर मामला शांत करा दिया है।